गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम के कई प्रमुख इलाकों में फुटपाथ और सडक़ों के किनारे हुआ अवैध अतिक्रमण अब आम जनता के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित बाबा प्रकाशपुरी चौक, सैक्टर 4/7, अशोक विहार और पालम विहार सहित अनेक ऐसे क्षेत्र हैं जहां अब आम लोगों का सडक़ पर पैदल चलना भी दूभर हो गया है। सामाजिक संस्था डा. राजेंद्र प्रसाद फाउण्डेशन के अध्यक्ष राजेश पटेल का कहना है कि कुछ दुकानदारों द्वारा सडक़ किनारे अपना व्यावसायिक सामान बाहर रखने, झुग्गियां बना लेने और रेहड़ी-पटरी वालों द्वारा फुटपाथों पर पूरी तरह कब्जा कर लेने के कारण राहगीरों के पास चलने की जगह ही नहीं बची है। स्थिति इतनी गंभीर है कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को मजबूरन भारी ट्रैफिक के बीच मुख्य सडक़ पर उतरकर चलना पड़ता है, जिससे हर समय किसी गंभीर हादसे का डर बना रहता है। उनका कहना है कि जीएमडीए व नगर निगम प्रशासन की अनदेखी के कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन होने वाले हादसों को देखते हुए उन्होंने मांग की है कि नगर निगम और जीएमडीए की टीमें तुरंत इन इलाकों में संयुक्त अभियान चलाएं। फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों और झुग्गियों को तुरंत हटाकर राहगीरों को राहत दिलाई जाए। भविष्य में दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग और कड़े जुर्माने की व्यवस्था की जाए।
फुटपाथों पर अवैध कब्जा, जान जोखिम में डालकर चलने को मजबूर राहगीर

