NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

दौलताबाद रोड पर 15 स्ट्रीट लाइटें दो सप्ताह से ठप

गुरुग्राम। सेक्टर 106/7 के अंतर्गत आने वाले दौलताबाद रोड पर नागरिक सुविधाओं की बदहाली से आम जनता-जनार्दन बेहद परेशान है। पूर्व विधायक स्वर्गीय राकेश दौलताबाद के आवास के निकट मुख्य मार्ग पर पिछले 2 सप्ताह से लगभग 15 स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात होते ही करीब दो किलोमीटर का पूरा रास्ता अंधेरे के आगोश में समा जाता है। स्थानीय निवासियों श्वेता, रूबी देवी, सुनील कुमार, रजत कुमार, शुभम सिंह, हनी, राजू गुप्ता और सानिया व सामाजिक कार्यकर्ता राजेश पटेल का कहना है कि दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सिर्फ एक पेट्रोल पंप के पास ही एकाध लाइट जलती नजऱ आती है, जबकि बाकी पूरा रास्ता पूरी तरह से अंधेरे में डूबा रहता है। सडक़ पर रोशनी न होने के कारण रात के समय पैदल चलना या वाहन चलाना बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। अंधेरे के साथ-साथ इस मार्ग पर आवारा कुत्तों का आतंक और घुमंतू मवेशियों का जमावड़ा निवासियों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। उनका कहना है कि नगर निगम के टोल फ्री नंबर पर आधिकारिक शिकायत भी दर्ज कराई जा चुकी है। हालांकि, शिकायत दर्ज होने के बावजूद अब तक नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने नगर निगम व संबंधित विभाग से गुहार लगाई है कि तत्काल बंद पड़ी सभी 15 स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाया जाए। संबंधित विभागीय अधिकारी स्वयं मौके पर आकर जमीनी निरीक्षण करें। आवारा पशुओं और कुत्तों के आतंक से जनता को मुक्ति दिलाई जाए। उनका कहना है कि नगर निगम जल्द से जल्द इस समस्या का संज्ञान लेकर सुधार करे, ताकि आम जनता को इस रोज़-रोज़ की परेशानी और खतरे से निजात मिल सके।