गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा विशेष अभियान के अंतर्गत शहर के सभी वार्डों में क्षतिग्रस्त और खुले सीवरेज एवं ड्रेनेज मैनहोल ढक्कनों को बदलने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत तीन दिन में 319 स्थानों पर मेनहोल ढक्कनों को बदला जा चुका है। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए नगर निगम द्वारा इस अभियान को अतिरिक्त तीन दिन और बढ़ा दिया गया है, ताकि कोई भी मेनहोल असुरक्षित ना रहे।इस विशेष मुहिम की शुरुआत नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया द्वारा शनिवार सुबह आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए सख्त निर्देशों के बाद की गई, जिसमें उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यह कार्य मिशन मोड में त्वरित गति से पूरा किया जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
अभियान के क्रियान्वयन में अभियंताओं की प्रमुख भूमिका
इस कार्य में सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंताओं की विशेष भूमिका है। वे स्वयं मौके पर खड़े होकर कार्य की निगरानी कर रहे हैं और सुनिश्चित किया जा रहा है कि मरम्मत और ढक्कन बदलने का कार्य गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित ढंग से हो। यही नहीं, सूचना मिलने के तुरंत बाद ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य को प्रभावी रूप से संपन्न कराया जा रहा है।
जन सहभागिता और त्वरित शिकायत समाधान
अभियान के तहत नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने क्षेत्र में क्षतिग्रस्त या खुले मेनहोल के बारे में नगर निगम गुरुग्राम को सोशल मीडिया, वाट्सएप नंबर, हेल्पलाईन नंबर, ई-समाधान तथा स्वच्छता एप पर सूचना भिजवाएं। नागरिक इस अभियान में बढ़-चढक़र भागीदारी कर रहे हैं और निगम को सैकड़ों स्थानों की सूचनाएं भेजी जा रही हैं। निगम टीम इन सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही करते हुए समय रहते समाधान सुनिश्चित कर रही हैं।
नागरिकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया
नगर निगम गुरुग्राम की इस पहल पर शहर वासी सोशल मीडिया (एक्स / ट्विटर), व्हाट्सएप एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। लोगों ने इसे सार्वजनिक सुरक्षा की दिशा में सराहनीय पहल बताते हुए धन्यवाद व्यक्त किया है।निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर की सडक़ों पर खुले या क्षतिग्रस्त मेनहोल नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। हमने इसे प्राथमिकता देते हुए अभियान चलाया है। अभियंता और निगम की पूरी टीम पूरी प्रतिबद्धता, त्वरितता और सजगता से काम कर रहे हैं। नागरिकों की सहभागिता भी इस अभियान की सफलता की मुख्य वजह है। हमारा प्रयास रहेगा कि ऐसी समस्याओं का समाधान स्थायी रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि आगे भी समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य गुरुग्राम को सुरक्षित, स्वच्छ और नागरिकों के लिए सुविधाजनक शहर बनाना है।