गुरुग्राम।गुडग़ांव उद्योग एसोसिएशन (जीयूए) के प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त पुलिस आयुक्त शिवास कविराज से मुलाकात कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण यादव ने उन्हें यातायात जाम, रात्रि गश्त आदि के बारे में विस्तार से अवगत कराया। प्रवीण यादव का कहना है कि गुरुग्राम शहर मे यातायात का अधिक दबाव रहता है, जिससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाम की स्थिति बनी रहती है। औद्योगिक क्षेत्रों में भी यह जाम अक्सर लगा रहता है, जिससे माल ढुलाई में अक्सर परेशानी होती है। उनका कहना है कि उद्योगों के सुचारू संचालन के लिए एक सुरक्षित और भयमुक्त माहौल बेहद जरूरी है। औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस पीसीआर की गश्त बढ़ाने का आग्रह किया गया ताकि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके। फैक्ट्रियों के आसपास अवैध पार्किंग और भारी वाहनों के कारण लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने की अपील की गई। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को ध्यान से सुना। उन्होंने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि उद्योगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस और उद्योग जगत मिलकर काम करेंगे ताकि साइबर सिटी और इसके औद्योगिक क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके। इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हरीश वत्स, सचिव संजय केडिया, कामेश्वर, संजीव सिक्का, मनीष सलूजा आदि मौजूद रहे।
जीयूए के प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर किया स्वागत

