NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

चंद्र ग्रहण के कारण आज ही होगा होलिका दहन

गुरुग्राम। होलिका दहन को लेकर भी आमजन में संशय बना हुआ है। इस वर्ष का पहला चंद्र ग्रहण 3 मार्च यानि कि कल पड़ रहा है। ऐसे में अधिकांश स्थानों पर होलिका दहन आज सोमवार को ही होगा, ऐसा वरिष्ठ ज्योतिषाचार्यों का मानना है। उनका यह भी कहना है कि 3 मार्च को यानि कि कल मंदिरों के कपाट बंद रहेंगे। चंद्र ग्रहण शुरु होने से पूर्व ही इसका सूतक काल शुरु हो जाएगा। उनका यह भी कहना है कि मंदिरों में 3 मार्च की प्रात: की आरती के बाद अगले दिन यानि कि 4 मार्च को ही मंदिर खुलेंगे। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि यह चंद्र ग्रहण खंड ग्रास चंद्र ग्रहण है। यह 3 मार्च की दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से सायं 6 बजकर 46 मिनट तक होगा। यानि कि चंद्र ग्रहण की अवधि 3 घंटे 27 मिनट की होगी और सूतक काल प्रात: 6 बजकर 20 मिनट से शुरु हो जाएगा। कहा जाता है कि इस दौरान मांगलिक कार्य नहीं होते और मंदिरों के कपाट भी बंद कर दिए जाते हैं। प्रात: की आरती के बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे और 3 मार्च को यह पूरे दिन बंद रहेंगे। इसलिए धुलेंडी यानि कि रंग खेलने वाली होली 4 मार्च को ही होगी। उधर लोगों ने जहां होलिका दहन की पूरी तैयारियां कर ली हैं और महिलाएं विधिवत रुप से होलिका की पूजा कर अपने बच्चों व परिवार की दीर्घायु की कामना भी करेंगी। जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजार में रंग-गुलाल, पिचकारियों की दुकानें सजी हुई है। जमकर लोग खरीददारी करने में जुटे हैं। सभी ने रंग खेलने की तैयारियां पूरी तरह से की हुई हैं। उधर जिला प्रशासन ने भी लोगों से आग्रह किया है कि वे हर्बल रंगों से ही होली खेलें। केमिकल युक्त रंग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं।