गुरुग्राम। प्रदेश की बेटियाँ आज वैश्विक पटल पर शिक्षा और तकनीकी के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इसी क्रम में श्री माता शीतला देवी मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा की सुपुत्री नीति शर्मा ने स्कॉटलैंड विश्वविद्यालय से मास्टर इन डेटा साइंस की डिग्री उत्कृष्ट श्रेणी में प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। भारत लौटने पर उनके सम्मान में शीतला माता मंदिर परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल विश्व ब्राह्मण संघ के चेयरमैन शशिकांत शर्मा ने नीति शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि आज बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। नीति ने अपनी कड़ी मेहनत, अद्वितीय प्रतिभा और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन से यह साबित कर दिया है कि यदि बेटियों को सही अवसर मिले, तो वे वैश्विक स्तर पर सफलता का परचम लहरा सकती हैं। उनकी यह उपलब्धि युवा पीढ़ी और विशेषकर अन्य बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनेगी। श्राईन बोर्ड के सीईओ सुमीत कुमार ने नीति शर्मा को स्मृति-चिन्ह और माता रानी का पावन चित्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के बल पर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाली ऐसी युवा प्रतिभाओं का हौसला बढ़ाना हम सभी का परम दायित्व है। पिता पंडित जयभगवान शर्मा ने सभी अतिथियों व मंदिर प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज से मिला यह स्नेह और सम्मान उनकी बेटी को भविष्य में और बेहतर करने तथा देश की सेवा करने के लिए जीवनभर प्रेरित करता रहेगा। आयोजन में मंदिर के अधिकारी यज्ञदत्त शर्मा, ब्रह्म प्रकाश शर्मा, तरसेम शर्मा, संजय शर्मा, अशोक शर्मा, अजय शर्मा, पुष्कर राज शर्मा आदि मौजूद रहे।
गुरुग्राम की बेटी ने स्कॉटलैंड में लहराया परचम

