NCRNewsUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

औद्योगिक क्षेत्र उद्योग विहार में खुले पड़े हैं सीवर के मैनहॉल

गुरुग्राम। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खुले सीवरेज दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं। सीवरेज के इन खुले मैनहॉल से सदैव दुर्घटना घटित होने का भय बना रहता है, लेकिन नगर निगम प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। उद्योग विहार क्षेत्र में इस समस्या से अछूता नहीं रहा है। पिछले कई दिनों से सीवर के मैनहॉल खुले हुए है, जबकि यह सबसे व्यस्त मार्ग है। बड़ी संख्या में न केवल श्रमिकों व कामगारों का आना-जाना लगा रहता है, अपितु वाहन भी इस मार्ग से गुजरते हैं। कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है। सामाजिक संस्था डा. राजेंद्र प्रसाद फाउण्डेशन के अध्यक्ष राजेश पटेल, रश्मि रानी, पवन सिंह, आशीष जैन, दिलेश्वर सिंह, अनिल शर्मा, कुमार गौरव, सुनीता तंवर, अर्चना, मदन आदि का कहना है कि इस क्षेत्र में कई औद्योगिक इकाईयां स्थापित हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रमिक कार्य करते हैं। क्षेत्र में 4/5 मुख्य सडक़ मार्ग क्षतिग्रस्त हैं। सीवर के मैनहॉल खुले पड़े हैं। बताया जाता है कि कई बार लोग इनकी वजह से चोटिल हो चुके हैं। वहीं राजेंद्र पार्क क्षेत्र के धर्मकांटे वाली गली स्थित छट पूजा स्थल के निकट 3 सीवर के ढक्कन क्षतिग्रस्त हैं। दौलताबाद सडक़ मार्ग पर भी यही हाल है। यानि कि शहर के अनेकों क्षेत्रों में सीवर के मैनहॉल खुले हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है। टोलफ्री नंबर पर शिकायत करते हैं तो कोई समाधान नहीं निकलता।  उन्होंने निगम प्रशासन से मांग की है कि निगम प्रशासन इस ओर ध्यान दे और सीवर के क्षतिग्रस्त मैनहॉल या ढक्कनों को बदलकर आमजन को राहत दिलाई जाए।