NCRNewsUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशराजनीतिराज्य

आरडब्ल्यूए ने मुख्यमंत्री का किया आभार व्यक्त

गुरुग्राम। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में गत दिवस जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें शहर की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया गया। सरस्वती एंक्लेव आरडब्ल्यूए ने भी पटौदी रोड शहीद कैप्टन उमंग भारद्वाज चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक के मार्ग की जर्जर हालत को लेकर समस्या रखी और बताया कि करीब 5 वर्षों से यह मार्ग टूटा हुआ है। राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। आरडब्ल्यूए के वाइस चेयरमैन रणवीर अत्री व आजाद गाडौली ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निगमायुक्त, मुख्य अभियंता को मार्ग को तुरंत समतल करने के आदेश जारी किए हैं। उनका कहना है कि शहीद कैप्टन उमंग भारद्वाज चौक से गाड़ौली गांव से लेकर द्वारका एक्सप्रैसवे तक का मार्ग पिछले कई वर्षों से खराब हालत में है। इस मार्ग से गाडौली, पटौदी, सरस्वती एंक्लेव, गुरुग्राम आदि क्षेत्रों के लिए लोगों का आवागमन रहता है। पानी व कीचड़ जमा होने के कारण वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालक तो कई बार दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। उनका कहना है कि मंत्री जी के संज्ञान में आने के बाद एचएसआईआईडीसी कार्यालय को निर्देशित किया गया था। उन्होंने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद शायद अब मार्ग की हालत में सुधार आ जाएगा।