गुरुग्राम। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर शुरु हुई 2 दिवसीय राज्य स्तरीय हड़ताल सैक्टर 29 फायर स्टेशन पर दूसरे दिन वीरवार को भी जारी रही। सर्व कर्मचारी संघ के सुशील शर्मा, जोगेंद्र करोथा आदि श्रमिक नेताओं ने फायर विभाग के कर्मचारियों का समर्थन करते हुए कहा कि फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए दमकल कर्मचारी भवि चंद्र शर्मा व रणवीर सिंह की शहादत पर हरियाणा सरकार की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार के दौहरे रवैय्या के कारण ही कर्मचारी न्याय की गुहार के लिए हड़ताल पर हैं। यूनियन की मांग है कि दोनों कर्मियों को शहीद का दर्जा दिया जाए, उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को पक्की सरकारी नौकरी तथा सभी नियमानुसार सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने मांगों का जल्द समाधान नहीं किया तो सर्व कर्मचारी संघ दमकल कर्मचारियों के आंदोलन के समर्थन मे शहर के मुख्य मार्गो पर विरोध प्रदर्शन करेगा। कच्चे दमकल कर्मचारियों के वेतन में पिछले पांच वर्षों से वृद्धि न होने पर भी रोष व्यक्त किया गया। हड़ताली कर्मियों को कर्मचारी नेता सुशीला देवी, राजेश कुमार, ज्ञान चंद, धर्मेंद्र जिंघाला, भारत कांगड़ा, सीमा देवी, तेज पाल, सुरेश नौहरा, जोगिंदर, नवीन, कुलदीप, सुनील, राजकुमार, चरण सिंह, अनिल कुमार, प्रदीप कुमार, कुलदीप आदि ने संबोधित किया।
अग्निशमन विभाग के कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी रही जारी

