गुरुग्राम, ताऊ देवीलाल स्टेडियम, सेक्टर-38, गुरुग्राम में हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा आयोजित मण्डल स्तरीय श्रमिक खेलकूद प्रतियोगिता-2025 का शुभारंभ गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने किया। उद्घाटन समारोह में विधायक ने श्रमिकों को नशामुक्ति और खेल भावना की शपथ दिलाकर स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया।मुकेश शर्मा ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, सहयोग, और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने श्रमिक वर्ग को समाज और अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि श्रमिक हमारी प्रगति का आधार हैं। उनके शारीरिक और मानसिक विकास के बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है।उन्होंने हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड की इस पहल की सराहना की, जिसका उद्देश्य श्रमिकों की प्रतिभा को निखारना और उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।विधायक ने नशे के दुष्प्रभावों पर जोर देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को नष्ट कर देता है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल शरीर को कमजोर करता है, बल्कि यह आर्थिक और सामाजिक जीवन को भी तबाह करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने श्रमिकों से समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।इस अवसर पर उप श्रम आयुक्त (कल्याण) सुरेन्द्र कौर, उप श्रम आयुक्त सर्कल.1 गुरुग्राम दिनेश कुमार, उप श्रम आयुक्त सर्कल.2, नवीन शर्मा, डीएसओ आरती कोहली और श्रम कल्याण अधिकारी नरेन्द्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड की मण्डल स्तरीय श्रमिक खेलकूद प्रतियोगिता-2025 का शुभारंभ
