गुरुग्राम।सामाजिक संस्था स्वास्तिक फाउंडेशन द्वारा ओल्ड रेलवे रोड स्थित राजपूत वाटिका परिसर में धूमधाम से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 16 बेटियां पाणिग्रहण सूत्र में बंध गई। आयोजन में शामिल साध्वी आत्मा चेतना गिरी, कथा वाचक मोहित व्यास, कैनविन फाउंडेशन के सह-संस्थापक नवीन गोयल, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज, रमेश चंद्र बख्शी, आरएसएस के जगदीश ग्रोवर, शिक्षाविद् डा. अशोक दिवाकर सहित गणमान्य लोगों, संस्था के पदाधिकारियों ने अपना आशीर्वाद देकर बेटियों को विदा किया और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। संस्था के अध्यक्ष राज सैनी बिसरवाल ने बताया कि जब एक साथ 16 दूल्हों की बारात धूमधाम से निकली तो हर कोई देखता रह गया। भव्यता से सजाए गए रथ पर बजते डीजे और ढोल पर बाराती नाचते-गाते चले। बारात में विंटेज कारों को भी शामिल किया गया। दूल्हों के परिवारजन, रिश्तेदार मस्ती में झूमते-गाते हुए बारात में चले। संगीत की धुनों व पुष्पवर्षा के बीच जयमाला हुई। इससे पहले मंच पर रिंग सेरेमनी भी कराई गई। संस्था के संरक्षक बनवारी लाल सैनी एवं सुमेर सिंह तंवर ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह का उद्देश्य यही है कि हर बेटी के हाथ पीले होने चाहिए। चाहे वह गरीब हो मध्यमवर्गीय परिवार से हो। संस्था के प्रयासों से समाज के लोगों को ऐसी बेटियों का कन्यादान करने का अवसर मिलता है। हर बेटी को अपनी बेटी मानकर विदाई दी जाती है। संस्था के चेयरमैन कश्मीर सिंह एवं महासचिव राजेश सैनी के मुताबिक संस्था की ओर से वर्ष 2021 में पहला सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया था। तब से लगातार ही यह समारोह किए जा रहे हैं। राज सिंह ने बताया कि नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बहन संतोष सैनी भी कार्यक्रम में पहुंची। सभी बेटियों को उन्होंने माता शीतला के मंदिर से लायी गयी चुन्नियां ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया। सभी जोड़ों को दैनिक जीवन में प्रयोग होने वाली घरेलू वस्तुएं उपहार स्वरुप भेंट की गई। कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों आदि का सहयोग रहा।
स्वास्तिक फाउण्डेशन ने धूमधाम से सामूहिक विवाह समारोह का किया आयोजन

