NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराज्य

सुहागिन महिलाएं कल व्रत रखकर मनाएंगी करवाचौथ का पर्व

गुरुग्राम। प्रेम और विश्वास का प्रतीक करवाचौथ का पर्व कल वीरवार को सुहागिनें अपने पति की दीर्घायु के लिए व्रत रखकर मनाएंगी। शहर के मुख्य सदर बाजार सहित अन्य बाजारों में खरीददारी के लिए महिलाओं की भीड़ जुटी हुई है। इस त्यौहार को लेकर बाजार सजे हुए हैं। महिलाएं कपड़े आभूषण और पूजन सामग्री खरीदने में व्यस्त हैं। बाजारों में साज-सज्जा की सामग्री खरीदने के लिए महिलाओं की भारी भीड़ शहर के मुख्य सदर बाजार व शहर के विभिन्न मॉल्स, ब्यूटी पार्लर में दिखाई दे रही है। साडियों व ज्वैलर्स के यहां भी तांता लगा हुआ है। मिठाईयों की दुकानों पर मठ्ठी व फैनी की खूब बिक्री हो रही है। मेहंदी लगाने वाले के यहां भी महिलाएं बड़ी संख्या में दिखाई दी। उनके यहां भी बड़ी भीड़ है। महिलाएं प्रतीक्षा करती दिखाई दी। उधर साथ ही बहू बेटियों को उपहार देने के लिए बाजार से उपहार खरीदती दिखाई दी। हर कोई महिला साज सज्जा में कोई कमी न रह जाए, इसपर विशेष ध्यान दिए हुए है। इस पर्व में मेहंदी का खास महत्व होता है। मेहंदी लगाने वालों ने भी अपना शुल्क बढ़ा दिया है। मेहंदी के विभिन्न डिजायन भी महिलाओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।