गुरुग्राम। साईबर सिटी में जहां एक ओर अपार रुपये खर्च कर दुर्गा पूजा मनाई जा रही है, वहीं सेक्टर 45 कम्युनिटी सेंटर में उत्सव सोशियो-कल्चरल ट्रस्ट ने सामाजिक उत्तरदायित्व की अनूठी मिसाल पेश की है। संस्था न केवल धार्मिक व सांस्कृतिक परंपराओं को संजोए हुए है, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा का माध्यम भी बनी है। पूजा समिति के सलाहकार दीपांकर घोष ने बताया कि पूजा के पांचों दिन प्रतिदिन 400 से अधिक गरीब व पिछड़े लोगों को पूरी, सब्जी, दाल, चावल, खीर और पापड़ जैसी स्वादिष्ट बंगाली डिशेज़ परोसी गईं। ट्रस्ट ने तीनहिरणमयी इंडिया फाउंडेशन, वी केयर फाउंडेशन और जन मध्यम फाउंडेशन के साथ साझेदारी की है। समिति के वाइस प्रेसिडेंट कौशिक मन्ना ने बताया कि पंडाल में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के बीच इन संस्थाओं को अपने हस्तनिर्मित प्रोडक्ट्स बेचने के लिए नि:शुल्क स्टॉल दिए गए। इसके अलावा, अतिथियों का स्वागत भी इन्हीं संस्थाओं के बनाए गिफ्ट्स से किया गया। ट्रस्ट की ओर से गोद ली गई 300 विधवा माताओं के कल्याण के लिए 20 हजार रुपए की आर्थिक मदद प्रदान की गई, जिस पर प्रणब सैकिया ने खुशी व्यक्त करते हुए समिति का आभार जताया। ट्रस्ट के प्रेसिडेंट अशेष कुमार दासगुप्ता और एडवाइजऱ उर्मिमाला मुखर्जी ने बताया कि कॉरपोरेट स्तर के अनुशासन, सुरक्षा और स्वच्छता के बीच इस उत्सव का आयोजन हुआ। इस वर्ष धुनुची नाच, डांस-ड्रामा, किड्स प्ले ज़ोन और सिंदूर खेला जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे। संस्था वर्ष भर काली पूजा, सरस्वती पूजा, पोइला बोइशाख व अन्य खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी करती है
सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश कर उत्सव सोशियो-कल्चरल ट्रस्ट ने धूमधाम से मनाई दुर्गा पूजा

