गुरुग्राम। सैक्टर 9ए स्थित श्री गौरी शंकर मंदिर के अंतर्गत कार्यरत विश्व जागृति मिशन गुरुग्राम मंडल द्वारा आगामी गुरु पूर्णिमा महोत्सव 2026 को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस पावन अवसर पर मंडल द्वारा श्रद्धालुओं से गुरु चरणों में श्रद्धा, समर्पण एवं सहयोग राशि प्रदान कर इस पुण्य कार्य का भागीदार बनने की अपील की गई है। गुरुग्राम मंडल के प्रधान एनपी चंडोक का कहना है कि इस वर्ष गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन 25 से 29 जुलाई तक आनंद धाम आश्रम, नई दिल्ली में किया जा रहा है। यह महापर्व पूर्ण श्रद्धा, अटूट भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुदेव के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचेंगे। इस पावन अवसर पर आचार्य सुधांशु महाराज के दिव्य मार्गदर्शन में संचालित होने वाले विभिन्न सेवा, संस्कार, शिक्षा, आध्यात्मिक एवं जन-कल्याणकारी प्रकल्पों के सहयोगार्थ विश्व जागृति मिशन, गुरुग्राम मंडल की ओर से सामूहिक रूप से गुरु चरणों में श्रद्धा-समर्पण भेंट अर्पित किया जाएगा। मंडल ने श्रद्धालुओं से विनम्र अनुरोध किया है कि वे अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग राशि प्रदान कर इस पुण्य कार्य में सहभागी बनें, ताकि सभी मिलकर गुरुदेव के श्रीचरणों में अपनी सामूहिक कृतज्ञता व्यक्त कर सकें। उन्होंने कहा कि गुरु चरणों में समर्पित भेंट केवल दान नहीं, अपितु श्रद्धा, सेवा और साधना है। सभी श्रद्धालु नित्य धर्मादा, सेवा और परोपकार के कार्यों हेतु अपनी यथाशक्ति राशि अवश्य जोड़ें और जीवन कल्याण के इस पावन मार्ग पर अग्रसर हों।
