NCRNewsUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

लंबित पड़े मांगपत्र को लागू कराने के लिए श्रमिकों ने प्रबंधन को दिया नोटिस

गुरुग्राम। जिले के औद्योगिक क्षेत्र बिनौला स्थित शिवम ऑटोटेक लिमिटेड के श्रमिकों ने 2 वर्षों से लंबित चले आ रहे मांग पत्र को लागू कराने के लिए प्रबंधन को चेतावनी व नोटिस दिया है। श्रमिक संगठन एटक के राज्य महासचिव अनिल पंवार का कहना है कि शिवम ऑटोटेक एम्प्लाइज यूनियन द्वारा जनरल बॉडी की बैठक का आयोजन महासचिव नरेंद्र राणा की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें यूनियन से जुड़े सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक में 2 जून 2024 से लंबित माँगपत्र की स्थिति से श्रमिकों को अवगत कराया गया। यूनियन सदैव सौहार्दपूर्ण माहौल में सकारात्मक ढंग से बातचीत करने के लिए तैयार रही है। लेकिन प्रबन्धन का रवैया लगातार अडिय़ल, नकारात्मक और बदले की भावना से प्रेरित रहा है। उन्होंने प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि प्रबन्धन अपने इस घोर मज़दूर-विरोधी रवैये को नहीं बदलता है, तो मज़दूर संघर्ष के सख़्त और तीखे तरीक़े अपनाने के लिए मजबूर होंगे। इस संबंध में मज़दूरों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया और उस पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने कहा कि प्रबंधन को 19 मार्च को नोटिस देते हुए कहा गया कि यदि 15दिनों के भीतर 2 साल से लंबित माँगपत्र पर समझौता वार्ता शुरू नहीं की गयी, तो मज़दूर संघर्ष को तेज़ करने के लिए मजबूर होंगे। ट्रेड यूनियन गतिविधियों के तहत काली पट्टियाँ लगाना, धरना-प्रदर्शन, नारेबाज़ी, हड़ताल आदि कार्यक्रम शामिल किए जा सकते हैं। आगामी किसी भी औद्योगिक अशान्ति के लिए प्रबन्धन स्वयं जिम्मेदार होगा। लगभग 2 वर्षों से लंबित माँगपत्र पर समझौते की टेबल पर बार-बार बुलाने के बावजूद प्रबन्धन टालमटोल करता रहा है, जिसके बाद मज़दूरों ने अब अपना अगला क़दम उठाया है। ज्ञात रहे कि पहले भी प्रबन्धन विभिन्न हथकण्डों के ज़रिये समझौता पत्र पर बातचीत और सहमति को लागू करने की प्रक्रिया को टालता, भटकाता और बदले की भावना से काम करता रहा है।