गुरुग्राम। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को काबू किया है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच तीन हजार रुपये का लेन-देन था। इसी को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई। फिर एक युवक ने दूसरे पर चाकू से वार कर दिया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस घटना में हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में प्रयोग चाकू भी उससे बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सिविल लाइन को मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि सेक्टर-16 के नजदीक किसी व्यक्ति को चाकू मार दिया है। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। वहां से घायल युवक को अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस अस्पताल पहुंची तो पता चला कि घायल युवक की मौत हो चुकी है। पुलिस टीम द्वारा सीन ऑफ क्राइम, फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया। मृतक की पहचान केशव (उम्र-17 वर्ष) निवासी गांव बड़ा बैजपुर जिला पलवल के रूप में हुई। केशव की मां ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि उसके बेटे ने कुछ दिन के लिए गाडिय़ों के एक शोरूम में काम किया था। वहां पर उसकी मानू नाम के युवक से जान-पहचान हो गई थी। 10 मार्च 2026 को उसकी उसके बेटे के एक दोस्त से बात हुई। बेटे के दोस्त ने बताया कि सेक्टर-16 गुरुग्राम में महिंद्रा शोरूम के सामने केशव, यश व धीरज की मानू से रुपयों को लेकर बहस हो गई। मानू ने केशव को चाकू मार दिया। केशव की मां जब अस्पताल पहुंची तो पता चला कि केशव की मौत हो चुकी है। इस शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मानू (उम्र-24 वर्ष) निवासी शीतला कॉलोनी गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि केशव के दोस्त धीरज ने आरोपी मानू से दिसंबर 2025 में 3000 रुपये उधार लिए थे। आरोपी मानू द्वारा धीरज पर पैसे वापिस करने का दबाव बनाया जा रहा था। इस पर मृतक केशव द्वारा आरोपी को पैसे के लिए दबाव न बनाने बारे कहा गया। इसी बात को लेकर केशव व आरोपी मानू के बीच कई बार कहासुनी हुई थी। 10 मार्च मंगलवार को भी दोनों के बीच फोन पर बहस हुई तो मृतक केशव सेक्टर-16 स्थित आरोपी मानू के कार्यस्थल के नजदीक आया। जहां पर दोनों के बीच लड़ाई हुई और आरोपी मानू ने चाकू निकाल कर केशव पर वार कर दिया।
युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

