गुरुग्राम। अग्रिशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर शुरु की गई हड़ताल सैक्टर 29 स्थित दमकल केंद्र पर जिला प्रधान साहून खान की अध्यक्षता में 10वें दिन भी जारी रही। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को समर्थन करने के लिए विभिन्न श्रमिक व कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे। कर्मचारी नेता बसंत कुमार, राजेश कुमार, सुरेश नोहरा, महेश, ज्ञानचंद, धर्मपाल, शशिभान, जोगिंद्र, सुशीला आदि का कहना है कि 16 फरवरी को फरीदाबाद की एक स्टील फैक्ट्री में आग बुझाते समय जान गंवाने वाले भवि चन्द शर्मा व रणवीर सिंह को शहीद का दर्जा दिया जाए, मृतकों के आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपए मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उनका कहना है कि कर्मचारियों की मांगों को सरकार अनदेखा कर रही है। 9 अप्रैल को केबिनेट मंत्री के साथ 22 सूत्रीय मांगों को लेकर वार्ता हुई, जो बेनतीजा रही। मांगें पूरी नहीं होंगी तो नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगर निगम के तमाम कर्मचारी आगामी 21 व 22 अप्रैल को काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे, 24 व 25 अप्रैल को उल्टी झाड़ू और काले झंडे लेकर लंच टाइम में विरोध प्रदर्शन करेंगे, 27 व 28 अप्रैल को 8-8 घंटे की कार्मिक भूख हड़ताल करते हुए 1 व 2 मई को अग्निशमन विभाग कर्मचारियों के समर्थन में 2दिवसीय हड़ताल पर चले जाएंगे। यदि सरकार ने हड़ताल, आंदोलन को दबाने का प्रयास किया तो हड़ताल को आगे बढ़ाया जा सकता है। कर्मचारियों को सतपाल, अनिल यादव, मुकेश यादव, मेहरचंद, इकबाल, अशोक कुमार, कुलदीप आदि ने संबोधित किया।
फायर कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में नगर निगम के कर्मचारी करेंगे हड़ताल : बसंत कुमार

