गुरुग्राम। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली छठी के अवसर पर ओम नगर स्थित माता मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान नगर निगम के पूर्व पार्षद महेश कुमार के नेतृत्व में श्रद्धालुओं के बीच विशेष रूप से प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया और भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मंदिर परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने कन्हैया के बाल स्वरूप का स्मरण करते हुए प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन को लेकर आसपास के क्षेत्रों में भी काफी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों ने माता मंदिर पहुंचकर प्रसाद लिया। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने में क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने विशेष योगदान दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रमुख रूप से राकेश यादव, कर्मवीर, टेकराम, गौरव, हर्ष बघेल, ओमप्रकाश और पुष्पेंद्र सहित अन्य सहयोगियों की सराहनीय भूमिका रही। सभी के सक्रिय सहयोग से यह उत्सव बेहद हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
प्रसाद वितरित कर श्रद्धालुओं ने मनाया श्रीकृष्ण छठी महोत्सव

