NCRNewsअध्यात्मदेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

नेताजी के सहयोगी रहे 102 वर्षीय लेफ्टिनेंट कर्नल सम्मानित

गुरुग्राम। सिविल लाइंस स्थित शहीद स्मारक परिसर में सैनिकों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सहयोगी रहे 102 वर्षीय आजाद हिंद फौज के वरिष्ठ सेनानी लेफ्टिनेंट कर्नल माधवन की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया। यात्रा के शुभारंभ से पूर्व शहीद स्मारक पर गरिमामय वातावरण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने देशभक्ति गीतों का आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम में 102 वर्षीय बुजुर्ग स्वतंत्रता सेनानी माधवन को फूलों की माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश पटेल ने उन्हें पूर्वांचल का पारंपरिक गमछा पहनाया तथा ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सदैव खुशहाल जीवन की प्रार्थना की। इस अवसर पर एसपी गुप्ता, कपूर सिंह दलाल, श्रीभगवान, गणेश, विनोद, विजय, राजेंद्र, राघवेंद्र, याशिका, कृति, गौरव आदिं मौजूद रहे।