NCRNewsUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

नशे में धुत थार सवारों ने एक गाड़ी में मारी टक्कर

गुरुग्राम। तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने का एक मामला सामने आया है। सोहना रोड पर शुक्रवार सुबह एक काले रंग की महिंद्रा थार ने टर्न ले रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद थार पलट गई। आरोप है कि थार सवार युवक शराब के नशे में थे।शुक्रवार सुबह एक परिवार के सदस्य दीवांश, याशिका, लवी और मिनाक्षी चड्ढा देवीलाल पार्क में सैर के लिए घर से निकले थे। रास्ते में सोहना चौक के पास चाय पीने के बाद जैसे ही वे कार से आगे बढ़े और टर्न लेने लगे, तभी पीछे से तेज रफ्तार काली थार ने उनकी कार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और थार भी सडक़ पर पलट गई। हादसे में कार सवार दीवांश चड्ढा, याशिका चड्ढा, लवी चड्ढा और मिनाक्षी चड्ढा गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीवांश और याशिका आगे की सीट पर थे इसलिए उन पर टक्कर का सबसे ज्यादा असर पड़ा। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।स्थानीय लोगों और पीडि़त परिवार का आरोप है कि थार में सवार तीन युवक शराब के नशे में धुत थे और बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। हादसे के बाद गाड़ी पलटते ही दो युवक मौके से फरार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने घेराबंदी कर *तीसरे आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल टेस्ट कराया है ताकि खून में शराब की मात्रा की पुष्टि हो सके। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर सडक़ से हटाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार दो आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस हादसे के बाद एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं।