NCRUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

धूमधाम से मनाया गया दुल्हंडी का पर्व शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में रही होली की धूम

गुरुग्राम। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में होली और दुल्हंडी (होली) का पर्व गत दिवस धूमधाम से मनाया गया। होली के गीतों पर युवा खूब मस्ती करते हुए दिखाई दिए। समूह बनाकर लोग एक दूसरे पर रंग-गुलाल डालते हुए देखे गए। पुराने और नए गुडगांव में होली की धूम रही। पुराने शहर में लोगों ने पारंपरिक तरीके से होली खेली। दुल्हंडी पर्व पर लोगों ने सुबह से लेकर शाम तक खूब मस्ती की। बच्चे, युवा यहां तक कि बुजुर्ग भी होली के रंग में रंगे नजर आए। सुबह उठते ही रंगों के पर्व पर लोग एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाते हुए होली की शुभकामनाएं देते नजर आए। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, लोगों में होली का खुमार भी बढ़ता गया। पुराने शहर की कालोनियों में होली पारंपरिक तरीके से मनाई गई। पटेल नगर, गुडगांव गांव, दौलताबाद, चकरपुर, बसई, कन्हई, सरहौल, मोलाहेड़ा आदि क्षेत्रों में होली के रंग में लोग रगें हुए थे। शहरी क्षेत्र की कालोनियों में भी होली पर लोग धूम मचाते रहे। कोई डीजे लगाकर डांस कर रहा था तो कोई पिचकारी, बाल्टियों में रंग घोलकर लोगों पर डाल रहा था। नए गुरुग्राम में होली पर बच्चों, युवक-युवतियों व बड़ों ने खूब मौज-मस्ती की। डीएलएफ में भी होली समारोह का विशेष आयोजन किया गया, जहां पर मौज-मस्ती का पूरा प्रबंध किया गया था। बड़े घराने के सदस्यों ने यहां पहुंचकर होली का आनंद लिया। हर कोई एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर रंगीन बना रहा था। डीजे पर गीतों की धुनों पर लोग यहां खूब मस्ती कर रहे थे। युवाओं ने बाइकों पर घूमते हुए सडकों पर खूब मौज-मस्ती की। हाथों में गुलाल आदि लेकर राहगिरों पर युवा रंग डालते दिखे। एमजी रोड पर भी होली पर जश्न का माहौल रहा। यहां गुरुग्राम ही नहीं बल्कि दिल्ली से आकर युवाओं ने होली खेली। इनमें युवतियों की संख्या भी अच्छी खासी थी। अपने दोस्तों के साथ यहां पहुंचे युवाओं ने रंगों के इस त्योहार का आनंद लिया। जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों को होली की बधाई देते हुए उनके साथ होली मनाई। जिला प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे।