NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

दौलताबाद-बसई मार्ग पर देखरेख के अभाव में सूख रहे हैं सैकड़ों पौधे

गुरुग्राम।एक तरफ जहां पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए सरकार और विभिन्न संस्थाओं द्वारा बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक लापरवाही के कारण इन पौधों का अस्तित्व संकट में है। ऐसा ही एक मामला दौलताबाद-बसई सडक़ मार्ग पर सामने आया है, जहां बड़ी संख्या में लगाए गए पौधे उचित देखरेख और पानी के अभाव में दम तोड़ रहे हैं। पर्यावरण प्रेमियों राजेश पटेल, श्याम, गौरव, बबीता, शुभम, विकास, वेदांश, राजेश कुमार, जितेंद्र, रश्मि रानी, मुन्ना अंसानी, शेर मोहम्मद, एजाज और सत्यपाल आदि का कहना है कि सडक़ मार्ग पर हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से पौधे तो लगा दिए गए, लेकिन आज वे पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। केवल फोटो खिंचवाने या औपचारिकता पूरी करने के लिए पौधरोपण नहीं होना चाहिए। पौधे लगाते समय उनकी निरंतर देखभाल और सुरक्षा का संकल्प लेना बेहद जरूरी है, ताकि वे समय के साथ बड़े होकर वट वृक्ष बन सकें। पर्यावरण संरक्षण का वास्तविक उद्देश्य तभी साकार होगा, जब प्रशासन और समाज के लोग अपनी जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी से पालन करेंगे। संस्था ने मांग की है कि सूख रहे पौधों को बचाने के लिए तुरंत पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाए और लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्यवाही की जाए।