गुरुग्राम। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गुरुग्राम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि स्वदेशी हमारी संस्कृति और आत्मा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत नए आत्मविश्वास से भरा हुआ भारत है। यह वही भारत है जो कभी दूसरों पर निर्भर रहता था, लेकिन अब पीएम मोदी के नेतृत्व में मेक इन इंडिया से मेक फॉर द वर्ल्ड का रूप ले चुका है। गुरुग्राम भाजपा कार्यालय गुरुकमल में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए और कांग्रेस पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर कानाफूसी ज्यादा होती है। असमंजस की स्थिति के रहते कांग्रेस पार्टी को नेता प्रतिपक्ष बनाने में भी एक वर्ष का समय लग गया।मनोहर लाल ने कहा कि “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड“ का यह मंत्र, देश को रोजगार देगा, किसानों को नए अवसर देगा और युवाओं को उद्यमिता की ओर ले जाएगा। यह मंत्र गांव से लेकर महानगर तक नई ऊर्जा पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि हम विदेशी वस्तुओं के पीछे भागने के बजाय अब अपनी जड़ों को पहचान रहे हैं। दुनिया में योग, आयुर्वेद, हस्तशिल्प, परंपरागत उद्योग यह सब आज वैश्विक पहचान बना चुके हैं।मनोहर लाल ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद की सरकारों ने पश्चिमी विकास मॉडल और आयात पर निर्भर मिश्रित अर्थव्यवस्था को अपनाया। हमारे उद्योग कमजोर हो गए और विदेशी निर्भरता बढ़ती चली गई। उन्होंने कहा कि 1964 में दत्तोपंत ठेंगड़ी ने स्वदेशी चेतना को फिर से पुनर्जीवित किया और हमें बताया कि आर्थिक आत्मनिर्भरता ही सुरक्षा है, भारतीय उद्योग और श्रमिक हमारी ताकत हैं, अंध पश्चिमीकरण से हमें सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल अवसंरचना और “वोकल फॉर लोकल“ जैसे अभियान इसी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा तीनों मिलकर हमें याद दिलाती हैं कि हमारी शक्ति, हमारी संस्कृति और हमारी उद्योग-कुशलता ही भारत को आत्मनिर्भरता की ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार स्वदेशी को बढ़ावा दे रही है। मेक इन इंडिया’ से लेकर ’स्टार्टअप इंडिया’, ’वोकल फॉर लोकल’ से लेकर ’आत्मनिर्भर भारत’ तक हर पहल का लक्ष्य यही है कि हम विदेशी निर्भरता कम करें और स्वदेशी उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाएं। श्री मनोहर लाल ने कहा कि अब स्वदेशी का स्वरूप केवल खादी या दीये तक सीमित नहीं है। आज यह ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर सेमीकंडक्टर तक, भारतीय भाषाओं और ज्ञान परंपराओं से लेकर विश्व स्तरीय वस्तु और शिल्प तक फैल चुका है।मनोहर लाल ने कहा कि देशवासी जो भी खरीदें वो देश में ही बना होना चाहिए। अब हमें स्वदेशी को विकसित भारत की नींव बनाना है। ये तब होगा जब हम देश में बनी हुई चीजों को गर्व से खरीदेंगे। उन्होंने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, स्वदेशी के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहा है। स्वदेशी संकल्प हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।एक सवाल पर बोलते हुए मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार अच्छा काम कर रही है। दस वर्षों में जो भी योजनाएं बनी है उन सभी पर काम चल रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, प्रदेश प्रवक्ता जवाहर यादव, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, बोधराज सीकरी, जिला महामंत्री अजीत यादव, जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, जिला मीडिया प्रभारी हितेश चौधरी, सह मीडिया प्रभारी राजन चौहान, पीयूष सैनी, वरूण चौहान आदि मौजूद रहे।
देश का भविष्य ’मेक इन इंडिया’ और ’मेड बाय इंडियंस’ में ही है : मनोहर लाल
