NCRNewsTechnologyअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

जिला बार एसोसिएशन चुनाव शांतिपूर्वक हुए संपन्न

गुरुग्राम। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव शुक्रवार को शाम तक सुचारू रूप से जारी रहे। अधिवक्ताओं ने अपने विवेक का इस्तेमाल करते हुए ईवीएम के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पार्किंग क्षेत्र में बनाए गए 12 मतदान केंद्रों पर वकीलों में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं परिसरों में समर्थक अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में जोर-शोर से प्रचार करते नजर आए। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिसके तहत भारी पुलिस बल तैनात रहा। 24 सदस्यीय चुनाव समिति ने चुनाव की सभी तैयारियां पहले से पूरी कर रखी थीं और सभी उम्मीदवारों से चुनाव आचार संहिता व दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया गया था। शुक्रवार को हुई बारिश का भी मतदाताओं के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा। चुनाव समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता सतबीर सिंह तंवर और उनकी पूरी टीम लगातार मतदान प्रक्रिया की निगरानी करते रहे। करीब सायं साढ़े 4 बजे तक 4 हजार 963 सदस्य मतदान कर सके। बार एसोसिएशन के इस चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, अतिरिक्त उपाध्यक्ष (महिला), सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के विभिन्न पदों के लिए कुल 26 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मुख्य मुकाबला माने जाने वाले अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पदों पर 6-6 उम्मीदवार आमने-सामने हैं, जिससे मुकाबला काफी रोमांचक हो गया है। गुरुग्राम जिला बार एसोसिएशन में वर्तमान में लगभग 11 हजार से अधिक पंजीकृत सदस्य हैं, जिनमें से करीब 6,864 अधिवक्ता इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र थे। मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा और रात तक सभी पदों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।