गुरुग्राम।जाट कल्याण सभा की जनरल बॉडी की बैठक का आयोजन रविवार को सैक्टर-4 स्थित हुडा जिमखाना क्लब में सभा के ओम प्रकाश सहरावत व मनोज कटारिया की अध्यक्षता में किया गया। बैठक की शुरुआत में महासचिव मनोज श्योराण ने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। इसके बाद अध्यक्ष की अनुमति से विधिवत कार्यवाही शुरू की गई। सभा के दिवंगत सदस्यों गोपी चंद गहलोत और राजकमल संधु को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महासचिव मनोज श्योराण ने सभा की बैलेंस शीट की प्रतियां उपस्थित सदस्यों में वितरित कीं और उसे पढक़र सुनाया। आय-व्यय और सभा के खर्चों का पूरा विवरण दिया गया, जिसे सदन में मौजूद सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से हाथ उठाकर मंजूरी दी। सभा के प्रधान प्रीतम सिंह ने कहा कि सभा का वार्षिक मिलन समारोह जल्द आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री के शिरकत करने की संभावना है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अतिरिक्त भूमि आवंटन से संबंधित फाइल अंतिम स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में विचाराधीन है। सभा की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है। इस संबंध में सदन में प्रस्ताव रखा गया कि वर्तमान प्रधान प्रीतम सिंह को ही नए भवन के निर्माण कार्य पूरा होने तक प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपे रखी जाए। इस प्रस्ताव पर शम्मी अहलावत ने अनुमोदन किया, जिसका अतर सिंह संधु, श्रीभगवान, पहलवान गाडोली, प्रेम श्याम सिंह, विनोद दहिया और मनोज कटारिया सहित सभा ने हाथ उठाकर जोरदार समर्थन किया और सर्वसम्मति से इस निर्णय को पास किया। महासचिव ने जानकारी दी कि एचआरआरएस अधिनियम 2012 के तहत सदस्य सूची के अपडेशन का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए सभी सदस्यों को फार्म-10 भरना अनिवार्य होगा, जिसके साथ पहचान प्रमाण पत्र और दो फोटो जमा करने होंगे। बैठक में राजकुमार सागवान ने सुझाव दिया कि दिवंगत सदस्य के पुत्र या पुत्री को भी प्रॉपर्टी के आधार पर सदस्य बनाया जाना चाहिए और इसके लिए नियमानुसार बायलॉज में संशोधन कर डीआर ऑफिस से अप्रूवल लिया जाए। इस सुझाव का सभी ने हाथ उठाकर समर्थन किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधे लगाने का कार्य जारी रहेगा, जबकि एंबुलेंस संचालन या बड़े दान जैसे कार्यों को भवन निर्माण पूरा होने तक स्थगित रखा जाएगा। बैठक में बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया।
जाट कल्याण सभा की जनरल बॉडी बैठक का हुआ आयोजन

