गुरुग्राम। गुरुग्राम के विभिन्न क्षेत्रों में पूर्वांचल मूल के लोग स्थायी व अस्थायी रुप से पिछले कई दशकों से निवास करते आ रहे हैं। ये परिवार अपने पारंपरिक त्यौहार छठ महापर्व को बड़ी ही धूमधाम से प्रतिवर्ष मनाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल होते हैं। आगामी 13 नवम्बर से 4 दिवसीय छठ महापर्व शुरु होने जा रहा है, जिसके लिए सामाजिक संस्थाएं तैयारियों में जुट गई हैं। इसी क्रम में राजेंद्र पार्क क्षेत्र में पूर्वांचल मूल के लोगों द्वारा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी महोत्सव की रूपरेखा तैयार करते हुए 11 सदस्यीय नई टीम का गठन किया गया है। सामाजिक संस्था डॉ. राजेंद्र प्रसाद फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश पटेल ने बताया कि इस बार छठ पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए घाट की सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी तमाम जरूरी सुविधाओं की जिम्मेदारी सदस्यों को सौंप दी गई है। पिछले 16 वर्षों से यह टीम राजेंद्र पार्क में सफलतापूर्वक छठ पूजा का आयोजन करती आ रही है। इस बार छठ पूजा समिति में वीरेंद्र शुक्ला अध्यक्ष, शिवशंकर गिरि महासचिव, राहुल राज कोषाध्यक्ष, शुभम सिंह सह कोषाध्यक्ष व राजेश पटेल को प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। समिति के सदस्यों ने आश्वस्त किया है कि पूजा में शामिल होने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होने दी जाएगी और सभी के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। बैठक में शिव शंकर गिरि, अभिषेक मिश्रा, गौरव त्रिपाठी, गगन ठाकुर, सुमित कुमार, मुरली ठाकुर और केपी सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
छठ पूजा के आयोजन की तैयारियों को लेकर गठित की 11 सदस्यीय टीम

