गुरुग्राम। बेरोजगारी, महंगाई व अन्य मुद्दों को लेकर आल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन द्वारा नीमोठ गांव में जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण महिला, पुरुष व युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। जनसभा का संचालन किसान नेता रामकुमार ने किया। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सयुक्त किसान मोर्चा के वरिष्ठ नेता कॉमरेड सत्यवान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश प्रदेश में किसान व मजदूरों के साथ जहां अन्याय किया जा रहा है, वहीं शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। सरकार द्वारा पूंजीपतियों के हितों में कल्याणकारी योजनाएं बनाई जा रही हैं। उनका कहना है कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी से जूझ रही है। मनरेगा स्कीम की बहाली होनी चाहिए। किसानों को उनकी फसल के स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार लागत मूल्य मिलना चाहिए। कामरेड राजेंद्र सिंह ने कहा कि गत 9 वर्षों में अनेकों बार पेपर लीक हो चुके हैं। मेहनत करने वाले युवाओं को केवल निराशा हाथ लगी है। हर स्तर पर जन जीवन के मुद्दों को लेकर जन संघर्ष कमेटियों का निर्माण किया जाए। एआईडीवाईटो के अजय सिंह, अमर सिंह राजपुरा ने कहा कि किसान मजदूरों की एकता को मजबूत करने के लिए गांव गांव में कमेटियों का निर्माण करेंगे और आंदोलन को मजबूत करेंगे।
किसान व मजदूर से जुड़े मुद्दों पर जनसभा में हुई चर्चा

