NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

कमला नेहरू पार्क में युवा योगा संगठन ने धूमधाम से मनाया गुरु पर्व

गुरुग्राम। कमला नेहरू पार्क में प्रात:कालीन सत्र में नियमित योग का अभ्यास करने वाले योग साधकों ने गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाया। इस अवसर पर युवा योगा संगठन के साधकों ने वर्ष 2008 से लगातार नि:शुल्क योग सेवा दे रहे योग गुरु जयप्रकाश गौतम का पूजन कर, पगड़ी पहनाकर और उपहार भेंट कर सम्मान किया। संगठन के प्रैस प्रवक्ता बनवारीलाल शर्मा, रमेश चुघ व आनंद नागपाल का कहना है कि कमला नेहरू पार्क में वर्ष 2008 से प्रतिदिन प्रात: 5 से 6 बजे तक नि:शुल्क योग शिविर का आयोजन किया जाता है। योग साधक भजन सम्राट ब्रह्म प्रकाश और वीरेंद्र चौहान ने बताया कि योग गुरु जयप्रकाश गौतम प्रतिदिन सुबह 4:15 बजे ही पार्क पहुंचकर सभी व्यवस्थाएं संभालते हैं। योगाभ्यास और प्राणायाम के बाद मधुर भजन संगीत गंगा के साथ परिक्रमा कर योग सत्र का समापन होता है। योग साधिका अंजू जायसवाल और राज कुमार ने कहा कि गुरुवर का एक ही ध्येय है, सभी शहरवासी स्वस्थ एवं निरोग रहें। वे सभी को कर्मयोगी और समय का पाबंद बनने की सीख देते हैं। योग गुरु जयप्रकाश गौतम ने सभी को प्रतिदिन की दिनचर्या में से थोड़ा समय निकालकर योग अपनाने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। पानी की बर्बादी रोकें, पर्यावरण को बचाएं और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें। यही सच्ची राष्ट्र सेवा और स्वस्थ जीवन का आधार है। इस अवसर पर ब्रह्म प्रकाश, वीरेंद्र चौहान, राज कुमार, बलजीत सिंह, मलखान सिंह यादव, महेश चंद्र, श्याम सुंदर, मोहित भारद्वाज, वीरेंद्र कटारिया, अंजू जायसवाल, कविता संदूजा, कंचन, डिंपल चौहान, अनीता, प्रेमलता आदि मौजूद रही।